लखनऊ। श्रावण माह के दौरान श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या और सुचारु यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए राजधानी लखनऊ में ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया गया है। यह विशेष यातायात व्यवस्था 30 जुलाई से 28 अगस्त तक प्रभावी रहेगी।
श्रावण मास में भगवान शिव के प्रमुख मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं। विशेष रूप से बुद्धेश्वर महादेव मंदिर और मनकामेश्वर मंदिर में दर्शन, सुरक्षा और यातायात प्रबंधन के लिए अतिरिक्त व्यवस्था की गई है।
इसके अलावा सिद्धनाथ महादेव मंदिर और कोनेश्वर महादेव मंदिर के आसपास भी यातायात नियंत्रण, पार्किंग और सुरक्षा के विशेष प्रबंध किए गए हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
यातायात पुलिस ने श्रद्धालुओं और वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित डायवर्जन योजना का पालन करें, वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें तथा ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन कर यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।


