कांवड़ रूट की नॉनवेज दुकानों पर बुलडोजर चला
मेरठ। सावन के दूसरे सोमवार से पहले पश्चिमी उत्तर प्रदेश की सड़कों पर कांवड़ियों की भीड़ बढ़ती जा रही है। हरिद्वार और गंगा घाटों से जल लेकर शिवभक्त अपने गंतव्य की ओर लौट रहे हैं। कांवड़ यात्रा को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। सोमवार को प्रदेश के 18 जिलों में स्कूल-कॉलेज बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं।
मुजफ्फरनगर में कांवड़ियों की सुरक्षा के लिए संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में मोर्चे और सुरक्षा चौकियां बनाई गई हैं। बुलेटरोधी जैकेट पहने अत्याधुनिक हथियारों से लैस जवान तैनात किए गए हैं। ड्रोन के जरिए भी निगरानी की जा रही है। पुलिस ने खोजी दस्ते और आतंकवाद निरोधक दस्ते की टीमों को भी तैनात किया है।
बरेली में कांवड़ मार्ग पर मांसाहारी भोजन बेचने के आरोप में पुलिस ने दो दुकानों पर कार्रवाई करते हुए चार लोगों को हिरासत में लिया। एक दुकान का टिन शेड और काउंटर भी बुलडोजर से हटाया गया। सहारनपुर के देवबंद में भी कांवड़ मार्ग पर मांस बेचने के आरोप में कार्रवाई की गई और करीब 100 किलो मांस बरामद किए जाने की सूचना है।
कांवड़ यात्रा में आस्था के साथ भाईचारे की तस्वीरें भी सामने आईं। बरेली में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने गंगाजल लेकर लौट रहे कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। हापुड़ और गाजियाबाद में अधिकारियों ने हेलीकॉप्टर से कांवड़ियों पर फूल बरसाए। कन्नौज के छिबरामऊ में भी जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक और विधायक ने कांवड़ियों का स्वागत कर फल-मिठाई वितरित की।
मेरठ में एक महिला अपने बीमार पति को पीठ पर लादकर कांवड़ यात्रा करती दिखाई दी। वहीं बुलंदशहर में एक मुस्लिम महिला भी अपने साथी के साथ करीब 95 किलोमीटर की कांवड़ यात्रा पर निकली हैं। सहारनपुर से हरियाणा के युवाओं ने 121 फुट लंबी तिरंगा कांवड़ निकाली।
प्रशासन ने कांवड़ियों की भारी संख्या को देखते हुए यातायात और सुरक्षा की विशेष व्यवस्था की है। बागपत, हापुड़, अमरोहा, शामली, फिरोजाबाद, बदायूं, रामपुर, सहारनपुर, मुरादाबाद, वाराणसी, संभल, बिजनौर, कासगंज, एटा, बरेली, मेरठ, गाजियाबाद और मुजफ्फरनगर में सोमवार को शैक्षणिक संस्थान बंद रहेंगे।


