टोल बैरियर तोड़ने और कर्मचारियों को कुचलने की कोशिश का आरोप
प्रयागराज। माफिया अतीक अहमद के बेटे उमर के काफिले को लेकर नया विवाद सामने आया है। नवाबगंज टोल प्लाजा के सहायक प्रबंधक की शिकायत पर पुलिस ने उमर के काफिले में शामिल 28 गाड़ियों और उनके चालकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। आरोप है कि काफिले की गाड़ियों ने टोल बैरियर तोड़कर बिना शुल्क दिए निकलने की कोशिश की और रोकने पर कर्मचारियों के साथ अभद्रता की।
टोल प्लाजा के सहायक प्रबंधक जय प्रकाश यादव ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि शनिवार शाम उमर को पुलिस सुरक्षा में प्रयागराज लाया जा रहा था। सरकारी वाहनों के पीछे करीब 25 से 30 निजी वाहन टोल बूथ पर पहुंचे। आरोप है कि इन वाहनों के चालकों ने बिना टोल शुल्क दिए तेज गति से वाहन आगे बढ़ाए और बैरियर तोड़ दिया।
शिकायत के मुताबिक, टोल कर्मचारियों ने वाहनों को रोकने का प्रयास किया तो उनके साथ गाली-गलौज और धमकी दी गई। कुछ वाहन चालकों पर कर्मचारियों की ओर तेज गति से वाहन दौड़ाने का भी आरोप है। कर्मचारियों ने किनारे हटकर अपनी जान बचाई। घटना में टोल प्लाजा का बैरियर क्षतिग्रस्त हो गया और राजस्व का भी नुकसान हुआ।
पुलिस के अनुसार, मामले की जांच टोल प्लाजा पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, कर्मचारियों के बयान और वाहनों के पंजीकरण नंबरों के आधार पर की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बैरियर को किस वाहन से नुकसान पहुंचा और घटना के समय कौन-कौन से वाहन वहां से गुजरे।
उमर इस समय लखनऊ जेल में बंद है। छोटे भाई अबान अहमद की मौत के बाद इलाहाबाद हाईकोर्ट ने उमर और उसके भाई अली अहमद को कई शर्तों के साथ अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए पैरोल दी थी। दोनों को पुलिस सुरक्षा में जेल से प्रयागराज लाया गया था। प्रयागराज पहुंचते-पहुंचते उनके पीछे समर्थकों और करीबियों की गाड़ियों का काफिला बढ़ता गया था।
अबान अहमद की छह अगस्त को झांसी में सड़क हादसे में मौत हुई थी। आठ अगस्त को प्रयागराज के कसारी-मसारी कब्रिस्तान में उसका अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान उमर, अली और अहजम तीनों भाई एक साथ नजर आए।


