37.6 C
Lucknow
Thursday, June 4, 2026

धोखाधड़ी कर लाखों के जेवरात हड़पने का आरोप, अदालत के आदेश पर तीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज

Must read

मुंडन संस्कार के बहाने बहू को मायके ले गए, जेवर वापस मांगने पर दी धमकी
फर्रुखाबाद। मुंडन संस्कार में शामिल होने के बहाने बहू को मायके ले जाकर लाखों रुपये के जेवरात हड़प लेने का मामला सामने आया है। पुलिस द्वारा कार्रवाई नहीं किए जाने पर पीड़ित परिवार ने न्यायालय की शरण ली, जिसके बाद अदालत के आदेश पर पुलिस ने बहू के माता-पिता और भाई के खिलाफ धोखाधड़ी समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शहर के नाल मछरट्टा निवासी कुलदीप कुमार गुप्ता पुत्र स्वर्गीय नाथूलाल गुप्ता द्वारा न्यायालय में दायर प्रार्थना पत्र में बताया गया कि उन्होंने अपने पुत्र अभिषेक गुप्ता का विवाह शाहजहांपुर जनपद के मिर्जापुर निवासी सोनम पुत्री सुनील कुमार गुप्ता के साथ किया था।
आरोप है कि कुछ समय पूर्व सुनील कुमार गुप्ता, उनकी पत्नी अनीता गुप्ता तथा पुत्र सचिन गुप्ता फर्रुखाबाद आए और घर में आयोजित मुंडन संस्कार का हवाला देकर सोनम को मायके ले गए। उस समय सोनम अपने निजी जेवरों के अलावा अपनी सास के कीमती आभूषण भी साथ लेकर गई थी।
पीड़ित पक्ष के अनुसार, जब सोनम वापस ससुराल लौटी तो उसके साथ जेवरात नहीं थे। पूछताछ करने पर मायके पक्ष ने बताया कि पड़ोस का मकान खरीदने के लिए जेवर गिरवी रख दिए गए हैं और कुछ समय बाद वापस कर दिए जाएंगे। आरोप है कि कई बार मांगने के बावजूद जेवर वापस नहीं किए गए।
कुलदीप गुप्ता का कहना है कि दोबारा जेवर मांगने पर सचिन गुप्ता ने अभद्रता करते हुए जानमाल की धमकी दी और स्पष्ट रूप से जेवर वापस न करने की बात कही। इसकी शिकायत पुलिस से की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
पुलिस से राहत न मिलने पर पीड़ित पक्ष ने न्यायालय की शरण ली। मामले की सुनवाई के बाद अदालत ने आरोपों को गंभीर मानते हुए संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए। न्यायालय के निर्देश पर पुलिस ने सुनील कुमार गुप्ता, अनीता गुप्ता और सचिन गुप्ता के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article