घर में घुसकर गाली-गलौज करने और जबरन साथ चलने का दबाव बनाने का आरोप, जानमाल का खतरा बताकर पीड़िता ने लगाई गुहार
फर्रुखाबाद। घर पर चढ़कर गाली-गलौज करने, किशोरी व उसकी बहन के साथ अभद्रता करने तथा उन्हें उठा ले जाने की धमकी देने के मामले में पुलिस अधीक्षक के आदेश पर पुलिस ने दो नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
नवाब नियामत खां पश्चिम निवासी वर्षा शर्मा पुत्री स्वर्गीय संतोष शर्मा ने पुलिस को दिए शिकायती पत्र में बताया कि वह अपने ताऊ के साथ रहती है। आरोप है कि गत शाम उसके ताऊ दवा लेने के लिए मेडिकल स्टोर गए हुए थे। इसी दौरान कुलदीप पुत्र गंगासहाय निवासी गुंजन विहार कॉलोनी, सेंट्रल जेल के पास तथा प्रतिपाल श्रीवास्तव उर्फ रवी पुत्र रामबाबू श्रीवास्तव निवासी श्याम नगर उसके घर पर पहुंचे।
पीड़िता के अनुसार दोनों आरोपी घर के बाहर खड़े होकर अश्लील और अपमानजनक शब्दों का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज करने लगे। आरोप है कि उन्होंने कहा कि उसका चचेरा भाई उनका हिसाब-किताब नहीं चुका रहा है और यदि वह तथा उसकी बहन उनके साथ चलें तो वे उसके भाई से रुपये नहीं मांगेंगे।
जब पीड़िता ने आरोपियों को ऐसी बातें करने से रोका तो कुलदीप कथित तौर पर भड़क गया और अपने साथी प्रतिपाल से कहा कि “कल या परसों फिर आएंगे और दोनों बहनों को उठाकर ले जाएंगे।” पीड़िता का आरोप है कि इस दौरान उसके साथ अभद्रता भी की गई।
घटना के बाद भयभीत किशोरी ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर अपनी और परिवार की सुरक्षा की मांग की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए। आदेश के अनुपालन में पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।
किशोरी और उसकी बहन से अभद्रता, उठा ले जाने की धमकी; एसपी के आदेश पर दो के खिलाफ मुकदमा दर्ज


