फर्रुखाबाद। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय, ओमनिवास सेवा केंद्र जटवारा जदीद अंगूरी बाग द्वारा 22 मई से 24 मई 2026 तक तीन दिवसीय “राजयोग प्रशिक्षण शिविर” का आयोजन किया जाएगा। बदलती जीवनशैली, बढ़ते तनाव और मानसिक अशांति के दौर में यह शिविर लोगों को आत्मिक शांति, सकारात्मक सोच और स्वस्थ जीवनशैली की ओर प्रेरित करेगा।
शिविर के प्रथम दिवस 22 मई को “मौन डे” के रूप में मनाया जाएगा। इस दौरान राजयोग मेडिटेशन एवं सकारात्मक चिंतन के माध्यम से मन को शांत करने और आत्मिक शक्ति को जागृत करने का संदेश दिया जाएगा। आयोजकों के अनुसार मौन और ध्यान व्यक्ति के भीतर नई ऊर्जा का संचार करते हैं तथा मानसिक तनाव को कम करने में सहायक होते हैं।
23 मई को “हेल्थ डे” के अंतर्गत योग, एक्सरसाइज और विभिन्न स्वास्थ्यवर्धक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इसके माध्यम से लोगों को शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया जाएगा। विशेषज्ञों द्वारा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित भी किया जाएगा।
24 मई को “अंतरराष्ट्रीय ब्रदर्स डे” के अवसर पर भाईचारे, खुशहाल जीवन और पारिवारिक सौहार्द को बढ़ावा देने के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित होंगे। साथ ही राजीखुशी ब्रह्माभोजन का भी आयोजन किया जाएगा।
यह शिविर प्रतिदिन प्रातः 4 बजे से सायं 6 बजे तक संचालित होगा। कार्यक्रम में नगरवासियों एवं सभी भाई-बहनों को स्नेह निमंत्रण दिया गया है।
कार्यक्रम में ईश्वरीय सेवा में बीके शोभा दीदी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगी। वहीं ब्रह्माभोजन सेवा सहयोग में अभिलेश माता जी, शोभा दीदी जी एवं राजू भाई जी का विशेष सहयोग रहेगा। कार्यक्रम संयोजिका वरिष्ठ राजयोग शिक्षिका बीके शोभा दीदी ने अधिक से अधिक लोगों से समय पर पहुंचकर शिविर को सफल बनाने की अपील की है।


