लखनऊ। राजधानी के सिविल कोर्ट परिसर को धमकी भरा ई-मेल मिलने के बाद सोमवार को हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस, सुरक्षा एजेंसियां और बम निरोधक दस्ता (बीडीएस) मौके पर पहुंच गया। पूरे न्यायालय परिसर को सुरक्षा घेरे में लेकर सघन तलाशी अभियान चलाया गया।
जांच के दौरान डॉग स्क्वायड और बम निरोधक दस्ता ने कोर्ट परिसर के विभिन्न हिस्सों की बारीकी से जांच की। विशेष रूप से मध्यस्थता केंद्र, अभिलेखागार और अन्य संवेदनशील स्थानों की तलाशी ली गई। इसके अलावा परिसर में खड़े सभी वाहनों की भी गहन जांच की गई।
कई घंटों तक चले तलाशी अभियान के बाद सुरक्षा एजेंसियों को कोई भी संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री नहीं मिली। जांच पूरी होने के बाद कोर्ट परिसर को पूरी तरह सुरक्षित घोषित कर दिया गया।
घटना के बाद वजीरगंज थाना पुलिस ने न्यायालय परिसर और आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है। पुलिस अब धमकी भरा ई-मेल भेजने वाले की पहचान और उसके स्रोत का पता लगाने में जुटी है। साइबर विशेषज्ञों की मदद से ई-मेल की तकनीकी जांच की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। ई-मेल भेजने वाले की पहचान होने के बाद उसके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।


