32.9 C
Lucknow
Tuesday, July 7, 2026

साइबर ठगों के गढ़ पर हरियाणा पुलिस का बड़ा एक्शन

Must read

 

एक युवक उठाया, कई गांवों में रातभर ताबड़तोड़ छापेमारी

फर्रुखाबाद। साइबर ठगी के मामलों में लगातार सुर्खियों में रहने वाले राजेपुर और अमृतपुर थाना क्षेत्र पर एक बार फिर दूसरे राज्य की पुलिस का शिकंजा कस गया है। सोमवार रात हरियाणा पुलिस ने राजेपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में दबिश देकर एक युवक को हिरासत में लिया और पूछताछ के लिए हरियाणा के पानीपत ले गई। युवक पर लाखों रुपये की साइबर ठगी में संलिप्त होने का संदेह है। इसके साथ ही पुलिस ने कई गांवों में देर रात तक ताबड़तोड़ छापेमारी कर अन्य संदिग्धों की तलाश की।

सूत्रों के अनुसार, हरियाणा पुलिस पिछले कई दिनों से साइबर ठगी के एक बड़े नेटवर्क की जांच कर रही थी। तकनीकी साक्ष्यों और बैंक खातों के लेनदेन के आधार पर जांच की कड़ियां फर्रुखाबाद के राजेपुर क्षेत्र तक पहुंचीं। इसके बाद विशेष टीम ने गोपनीय तरीके से क्षेत्र में दबिश देकर एक संदिग्ध युवक को हिरासत में ले लिया। पुलिस का मानना है कि इस गिरोह के तार कई राज्यों तक फैले हुए हैं और जांच आगे बढ़ने पर कई और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।

साइबर अपराधियों का नया ठिकाना बनते जा रहे राजेपुर-अमृतपुर

राजेपुर और अमृतपुर थाना क्षेत्र पिछले कुछ वर्षों से साइबर ठगी के मामलों में लगातार चर्चा में रहे हैं। आए दिन हरियाणा, राजस्थान, दिल्ली, पंजाब, उत्तराखंड और अन्य राज्यों की पुलिस यहां दबिश देने पहुंचती है। इसके बावजूद साइबर अपराध का नेटवर्क पूरी तरह ध्वस्त नहीं हो सका है। ग्रामीण क्षेत्रों में बैठे ठग मोबाइल, फर्जी बैंक अधिकारी, केवाईसी अपडेट, ऑनलाइन लोन, निवेश और डिजिटल भुगतान के नाम पर लोगों को लाखों रुपये का चूना लगा रहे हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि लगातार और प्रभावी कार्रवाई की जाए तो इस पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश हो सकता है। कई बार बाहरी राज्यों की पुलिस यहां कार्रवाई कर आरोपियों को पकड़कर ले जाती है, लेकिन स्थानीय स्तर पर बड़ी कार्रवाई कम ही देखने को मिलती है।

रातभर चली छापेमारी, कई संदिग्ध रडार पर

सोमवार रात करीब 10 बजे तक हरियाणा पुलिस ने राजेपुर थाने में अपनी आमद दर्ज नहीं कराई थी। इसके बावजूद पुलिस की टीमें कई गांवों में लगातार दबिश देती रहीं। सूत्रों का कहना है कि कुछ संदिग्ध पुलिस के पहुंचने से पहले ही फरार हो गए, जबकि कई अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस ने कुछ मोबाइल फोन और अन्य तकनीकी जानकारियां भी खंगाली हैं।

राजेपुर थाना प्रभारी नागेंद्र सिंह ने बताया कि मामला साइबर अपराध से जुड़ा है। हरियाणा पुलिस जांच के सिलसिले में क्षेत्र में आई है और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

गौरतलब है कि राजेपुर और अमृतपुर क्षेत्र का नाम बार-बार साइबर ठगी के मामलों में सामने आने से कानून-व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं। लगातार बाहरी राज्यों की पुलिस की दबिश इस बात का संकेत है कि इस इलाके में साइबर अपराधियों का नेटवर्क अभी भी पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article