फर्रुखाबाद। शहर के लकू ला बिजली उपकेंद्र के स्टोर से रिवैंप योजना के तहत बदली गई बिजली लाइनों का करीब 50 किलो कॉपर तार रहस्यमय ढंग से गायब होने का मामला सामने आया है। विभाग ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए आउटसोर्स पर तैनात कर्मचारियों पर संदेह जताया है। अवर अभियंता ने सोमवार रात कादरी गेट थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। हालांकि समाचार लिखे जाने तक पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया था।
जानकारी के अनुसार, लकूला उपकेंद्र से जुड़े लिंजीगंज क्षेत्र में लगभग छह माह पहले रिवैंप योजना के तहत पुराने कॉपर तार हटाकर बंच केबल डाली गई थी। कार्य पूरा होने के बाद ठेकेदार ने हटाए गए कॉपर तार को उपकेंद्र के स्टोर में सुरक्षित रखवा दिया था। विभागीय प्रक्रिया के तहत इस तार को बाद में मुख्य स्टोर भेजा जाना था, लेकिन ऐसा नहीं हो सका। स्टोर की चाबी अवर अभियंता के अलावा कुछ आउटसोर्स कर्मचारियों के पास भी रहती थी।
बताया जा रहा है कि स्टोर में रखा अधिकांश कॉपर तार धीरे-धीरे गायब कर दिया गया। मौके पर केवल 10 से 12 किलो तार ही बचा मिला। इस चोरी का खुलासा 1 जुलाई को उस समय हुआ, जब लगातार बारिश के दौरान उपकेंद्र की करंट ट्रांसफार्मर (सीटी) खराब हो गई। खराब सीटी को सुरक्षित रखने के लिए जब अवर अभियंता ने स्टोर का ताला खोला तो वहां रखा कॉपर तार गायब मिला।
तार गायब मिलने के बाद अवर अभियंता ने उपकेंद्र पर तैनात कर्मचारियों से पूछताछ की, लेकिन कोई भी कर्मचारी संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। इसके बाद पूरे मामले की जानकारी उच्च अधिकारियों को दी गई और कादरी गेट थाने में लिखित तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की गई।
अवर अभियंता अजय सिंह ने बताया कि स्टोर से लगभग 50 किलो कॉपर तार गायब हुआ है। मामले में तहरीर दे दी गई है और संबंधित कर्मचारियों पर तार वापस करने का दबाव भी बनाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


