शाहनवाज शाह
मोहम्मदाबाद फर्रुखाबाद
थाना क्षेत्र में एक महिला ने अपने बहनोई और उसके दोस्त पर गाली-गलौज, मारपीट और दुष्कर्म के प्रयास का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने महिला की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
महिला द्वारा पुलिस को दिए गए शिकायती पत्र के अनुसार, यह घटना बीती रात करीब 11 बजे हुई। पीड़िता का बहनोई, जो उसी थाना क्षेत्र के एक अन्य गांव का निवासी है, अपने एक दोस्त के साथ उसके घर पहुंचा और दरवाजा खुलवाया। बहनोई होने के कारण महिला ने दरवाजा खोल दिया।
आरोप है कि घर में घुसने के बाद दोनों व्यक्तियों ने महिला के साथ गाली-गलौज और मारपीट की। इस दौरान उन्होंने अशोभनीय हरकतें भी कीं। कुछ देर बाद बहनोई बाहर चला गया, जबकि उसका दोस्त महिला के साथ जबरन दुष्कर्म का प्रयास करने लगा।
महिला की चीख-पुकार सुनकर उसकी देवरानी और बेटी मौके पर पहुंच गईं। उन्हें देखकर आरोपी वहां से फरार हो गया। पीड़िता ने बताया कि मारपीट के कारण उसे चोटें भी आई हैं।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला ने बताया कि प्रार्थना पत्र मिल गया है पुलिस ने मामले को संज्ञान में लेते हुए आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।


