फर्रुखाबाद। राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा ने शुक्रवार को जिला अध्यक्ष अभिषेक दुबे के नेतृत्व में राष्ट्रपति के नाम जिलाधिकारी के माध्यम से ज्ञापन सौंपकर भाजपा के एक रोड शो के दौरान बजरंगबली के रूपांकन के उपयोग पर आपत्ति जताई। संगठन ने इसे हिंदू समाज की धार्मिक आस्था से जुड़ा विषय बताते हुए मामले की जांच और जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन में कहा गया कि भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रोड शो के दौरान बजरंगबली के स्वरूप में नृत्य कराया गया और कथित रूप से भाजपा का झंडा भी प्रदर्शित किया गया। संगठन का आरोप है कि इस प्रकार धार्मिक प्रतीकों का राजनीतिक कार्यक्रम में उपयोग करोड़ों हिंदुओं की धार्मिक भावनाओं को आहत करता है।
राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा के जिला अध्यक्ष अभिषेक दुबे ने कहा कि आराध्य देवों का किसी भी राजनीतिक आयोजन में इस प्रकार का प्रदर्शन उचित नहीं है। उन्होंने मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला प्रभारी देवेश नारायण अवस्थी, वरिष्ठ नागरिक प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष नानक राम दुबे, जिला प्रवक्ता डॉ. प्रवीण कुमार त्रिपाठी, जिला मंत्री डॉ. अमित अवस्थी, विधिक प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष विनय शुक्ला, जिला उपाध्यक्ष अरुण दुबे, सक्रिय सदस्य शिवम बाजपेई, नगर अध्यक्ष फतेहगढ़ दीपक गुप्ता सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


