फर्रुखाबाद। कला एवं साहित्य साधकों को समर्पित अखिल भारतीय संस्था कलार्पण की साधारण सभा की बैठक रविवार को लाल सराय स्थित कलमकार भवन में आयोजित हुई। बैठक में संस्था द्वारा पूर्व में आयोजित कार्यक्रमों की समीक्षा के साथ ही आगामी अक्टूबर माह में उज्जैन में होने वाले पांचवें तीन दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन की तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक का शुभारंभ भगवान नटराज का आह्वान कर किया गया। संगीत विधा के संयोजक ईशांत मिश्रा ने ध्येय गीत प्रस्तुत कर कार्यक्रम की शुरुआत की। संस्था के सचिव राम मोहन शुक्ला ने बताया कि कलार्पण का पांचवां तीन दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन उज्जैन में आयोजित किया जाएगा। इसमें देशभर से विभिन्न विधाओं से जुड़े कलाकार प्रतिभाग करेंगे। अधिवेशन में साहित्य, कला, संगीत, लोककला और नृत्य सहित विभिन्न विधाओं के कलाकार अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। इस दौरान रंग यात्रा भी निकाली जाएगी।
उन्होंने कहा कि जो कलाकार राष्ट्रीय अधिवेशन में शामिल होना चाहते हैं, वे समय से अपना पंजीकरण करा लें। बैठक के दौरान नाट्य कला के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले थियेटर कलाकार धीरज मौर्या को समाजसेवी संजय गर्ग ने सम्मानित किया।
नाट्य विधा संयोजक अमित सक्सेना ने कहा कि संस्था नए कलाकारों को मंच प्रदान करने और उन्हें प्रोत्साहित करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि कला और साहित्य के क्षेत्र में प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए ऐसे आयोजनों की महत्वपूर्ण भूमिका है।
इसके बाद काव्य गोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें कवियों ने अपनी रचनाओं से श्रोताओं को प्रभावित किया। युवा कवि देवेश तिवारी ने वर्तमान सामाजिक परिस्थितियों और युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर अपनी कविता प्रस्तुत की। राज गौरव पाण्डेय ने शिव भजन प्रस्तुत कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। कवि दिलीप कश्यप कलमकार ने देशभक्ति से ओतप्रोत रचना प्रस्तुत की।
हास्य कवि राम मोहन शुक्ला ने अपनी हास्य रचना से लोगों को खूब गुदगुदाया। वहीं प्रियांशु पाण्डेय ने वीर रस से ओतप्रोत कविता सुनाकर श्रोताओं में उत्साह का संचार किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष डॉ. सर्वेश श्रीवास्तव ने की, जबकि संचालन संगठन मंत्री विशाल श्रीवास्तव ने किया। प्रेस क्लब अध्यक्ष सर्वेंद्र कुमार अवस्थी ने सभी अतिथियों, कलाकारों और साहित्यकारों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर सत्य सिंह, धीरज मौर्या, अमित सक्सेना (नक्श थियेटर), अंकित गुप्ता, रजनेश वर्मा, राम मोहन शुक्ला, राज गौरव पाण्डेय सहित बड़ी संख्या में साहित्य एवं कला प्रेमी मौजूद रहे।
उज्जैन में होगा संस्था का पांचवां तीन दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन, देशभर से जुटेंगे कलाकार


