मड़ियांव पुलिस ने छह घंटे में पिता-पुत्र को किया गिरफ्तार, खून से सनी रॉड बरामद
लखनऊ। मड़ियांव थाना क्षेत्र में मामूली विवाद के बाद एक युवक की बेरहमी से हत्या किए जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। विवाद के दौरान आरोपियों ने युवक के पेट में लोहे की रॉड घोंप दी। गंभीर हालत में उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान शुभम सोनी (करीब 22 वर्ष) के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही मड़ियांव पुलिस सक्रिय हुई और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए घटना के करीब छह घंटे के भीतर पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुमित वर्मा और मथुरा प्रसाद के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त खून से सनी लोहे की रॉड भी बरामद की गई है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ हत्या की धारा में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना के बाद इलाके में पुलिस बल तैनात किया गया है और पुलिस विवाद की पूरी वजह तथा घटना के अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।


