अमृतपुर फर्रुखाबाद
थाना राजेपुर क्षेत्र के ग्राम चाचूपुर जटपुरा में युवक की संदिग्ध मौत के बाद भड़के बवाल को लेकर रविवार को राजनीतिक और प्रशासनिक हलचल तेज रही। गांव में फैले तनाव और भारी पुलिस बंदोबस्त के बीच भाजपा जिला अध्यक्ष, सांसद और विधायक मौके पर पहुंचे तथा पीड़ित परिवार व ग्रामीणों से मुलाकात कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। जनप्रतिनिधियों ने प्रशासन से साफ कहा कि किसी भी निर्दोष व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई न हो, जबकि हिंसा, आगजनी और पथराव में शामिल उपद्रवियों पर कठोर कार्रवाई की जाए। गौरतलब है कि ग्राम चाचूपुर जटपुरा निवासी बृजेश पुत्र बालकराम की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। युवक की मौत से गुस्साए ग्रामीणों ने शव उठाने को लेकर विरोध शुरू कर दिया, जिसके बाद देखते ही देखते माहौल उग्र हो गया। आक्रोशित भीड़ और पुलिस के बीच टकराव की स्थिति बन गई। पथराव, तोड़फोड़ और हंगामे के दौरान कई पुलिसकर्मी भी घायल हुए थे। घटना के बाद पूरे गांव को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया। रविवार को भाजपा जिला अध्यक्ष फतेहचंद राजपूत, फर्रुखाबाद सांसद मुकेश राजपूत और भोजपुर विधायक सुशील कुमार शाक्य गांव पहुंचे। तीनों नेताओं ने ग्राम प्रधान व पूर्व जिला पंचायत सदस्य रमेश राजपूत के दरवाजे पर बैठकर ग्रामीणों से बातचीत की और उन्हें शांति बनाए रखने की अपील की।
जनप्रतिनिधियों ने कहा कि दुख की इस घड़ी में पूरा प्रशासन और जनप्रतिनिधि पीड़ित परिवार के साथ खड़े हैं। उन्होंने अपर पुलिस अधीक्षक से कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए तथा किसी निर्दोष ग्रामीण को परेशान नहीं किया जाए। वहीं जिन्होंने कानून हाथ में लेकर पुलिस पर हमला, पथराव और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया है, उनके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए। मौके पर उप जिलाधिकारी रविंद्र सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी ऐश्वर्या उपाध्याय सहित थाना कमालगंज, अमृतपुर, राजेपुर और कादरीगेट की भारी पुलिस फोर्स तैनात रही। गांव में लगातार फ्लैग मार्च और गश्त की जा रही है।


