कमालगंज: अंतर्राष्ट्रीय मानवाधिकार एवं अपराध नियंत्रण संगठन द्वारा ब्लॉक स्तर पर संगठन का विस्तार करते हुए कमालगंज ब्लॉक की नई समिति का गठन किया गया।
यह कार्यक्रम सबलपुर स्थान पर आयोजित किया गया, जहाँ काफी संख्या में लोग एकत्रित हुए। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से आकाश सिंह, सुरेश सिंह, शिव प्रकाश सिंह, गोपी, राज, अरविंद सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि संगठन के प्रदेश अध्यक्ष धीरज पांडे रहे। इस अवसर पर उन्होंने बताया कि वह लगातार तीसरी बार प्रदेश अध्यक्ष के रूप में कार्य कर रहे हैं और लगभग 12 वर्षों से 3 राज्यों में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि संगठन का मुख्य उद्देश्य पीड़ित, वंचित और मानवाधिकार से वंचित हर एक व्यक्ति की मदद करना है। यदि किसी दबंग या पुलिस प्रशासन द्वारा किसी व्यक्ति को परेशान या सताया जाता है, तो संगठन उसकी पूरी मदद करता है। संगठन सभी धर्मों और सभी जातियों के लोगों की सहायता के लिए सदैव तत्पर है।
कार्यक्रम में संगठन के जिला पदाधिकारियों में फर्रुखाबाद के जिलाध्यक्ष सावन मिश्रा, जिला सचिव अभिनव कटियार और समाजसेवी सुदीप कालरा की उपस्थिति रही।
बैठक के दौरान सर्वसम्मति से कमालगंज ब्लॉक की नई कार्यकारिणी का निर्माण किया गया, जिसमें दीपेन्द्र सिंह को ब्लॉक अध्यक्ष और पुष्पेन्द्र सिंह को ब्लॉक उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया।
नवनियुक्त पदाधिकारियों ने संगठन के उद्देश्यों को जन-जन तक पहुंचाने और मानवाधिकारों की रक्षा के लिए निष्ठा से कार्य करने का संकल्प लिया।


