नवाबगंज थाना क्षेत्र के बराकेशव गांव में चकबंदी प्रक्रिया और किसानों व महिलाओं पर दर्ज मुकदमों को लेकर पिछले 17 दिनों से चल रहा अनिश्चितकालीन धरना गुरुवार को 18वें दिन खत्म हो गया। चकबंदी प्रक्रिया स्थगित किए जाने की जानकारी मिलते ही धरना स्थल पर किसानों के चेहरे खिल उठे और खुशी का माहौल बन गया।
बुधवार को जिलाधिकारी ने किसान यूनियन के जिला अध्यक्ष अजय कटियार समेत पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल से बातचीत की थी। बातचीत के दौरान चकबंदी प्रक्रिया को रोकने के लिए चकबंदी आयुक्त लखनऊ को पत्र भेजने को कहा गया था। इसके बाद गुरुवार को जिला चकबंदी/बंदोबस्त अधिकारी केडी राम, क्षेत्राधिकारी मोहम्मदाबाद आलोक कुमार सिंह और थाना प्रभारी नवाबगंज धरना स्थल पर पहुंचे।
अधिकारियों ने किसानों की दिक्कतें सुनीं। जिला अध्यक्ष अजय कटियार, प्रदेश उपाध्यक्ष अरविंद शाक्य और कानपुर मंडल उपाध्यक्ष लक्ष्मी शंकर जोशी ने किसानों की मांगों से संबंधित ज्ञापन अधिकारियों को सौंपा। जिला चकबंदी/बंदोबस्त अधिकारी केडी राम ने किसानों के बीच कहा कि जिलाधिकारी के आदेश के बाद ग्राम सभा बराकेशव की चकबंदी प्रक्रिया को रोक दिया गया है। किसानों की मांगों को चकबंदी आयुक्त को भेजा जाएगा।
अधिकारी की घोषणा सुनते ही किसानों में खुशी फैल गई। प्रदेश उपाध्यक्ष अरविंद शाक्य ने कहा कि चकबंदी प्रक्रिया स्थगित होना किसानों के संघर्ष की बड़ी जीत है। कानपुर मंडल उपाध्यक्ष लक्ष्मी शंकर जोशी ने इसे किसानों की एकता की जीत कहा।
जिला अध्यक्ष अजय कटियार ने कहा कि बराकेशव वीरांगनाओं और शहीदों की धरती है। उन्होंने कहा कि किसानों ने 18 दिनों तक एकजुट होकर अपने हक और अधिकारों के लिए संघर्ष किया, जिसका नतीजा आज सामने है। उन्होंने धरने में लगातार डटे रहने वाले किसानों का धन्यवाद दिया और अनिश्चितकालीन धरना खत्म करने का एलान किया।
इस दौरान जिला संरक्षक छविनाथ शाक्य, कृष्ण गोपाल मिश्रा, ब्रजेश गंगवार, संजीव सोमवंशी, गोपी शाक्य, अभय यादव, अनुज राजपूत समेत बड़ी संख्या में किसान, महिलाएं और बच्चे मौजूद रहे।


