लखनऊ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्ष के सार्वजनिक सेवा काल को केंद्र में रखते हुए उत्तर प्रदेश में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक एक महीने का ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को उच्चस्तरीय बैठक में अभियान की तैयारियों की समीक्षा करते हुए इसे व्यापक जनभागीदारी के साथ संचालित करने के निर्देश दिए। अभियान के माध्यम से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, सुशासन, विकास और गरीब कल्याण से जुड़ी उपलब्धियों को लाभार्थियों तक पहुंचाने के साथ लोगों को ‘विकसित भारत-2047’ के संकल्प से जोड़ने की तैयारी है।
अभियान के तहत प्रदेश के करीब 4.19 करोड़ परिवारों और 15.74 करोड़ लाभार्थियों तक पहुंचने का लक्ष्य रखा गया है। इनमें करीब 3.51 करोड़ ग्रामीण और 68 लाख शहरी परिवार शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि अभियान केवल औपचारिक कार्यक्रमों तक सीमित न रहे, बल्कि योजनाओं का लाभ पाने वाले लोगों की वास्तविक कहानियों और अनुभवों को सामने लाया जाए, ताकि सरकार की नीतियों और विकास कार्यों का प्रभाव आम जनता तक पहुंच सके।
अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को ‘सेवा दिवस : आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम से होगी। विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर प्रदेश की सभी विधानसभाओं में शिल्पकारों को टूलकिट वितरित किए जाएंगे। शाम को प्रमुख विकास परियोजनाओं तथा लाभार्थी परिवारों के घरों पर दीप जलाए जाएंगे। इसके साथ ही पूरे प्रदेश में सांस्कृतिक, सामाजिक और रचनात्मक कार्यक्रमों की श्रृंखला शुरू होगी।
एक महीने के दौरान ‘मेरे सपनों का भारत’ चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता, ‘नमो सेवा’ नुक्कड़ नाटक, आंगनबाड़ी केंद्रों पर ‘आंगन मिलन सेवा’ और ‘सेवा की कहानी’ डिजिटल रील अभियान जैसे कार्यक्रम आयोजित होंगे। डिजिटल इन्फ्लुएंसर्स को जोड़ने के लिए ‘इन्फ्लुएंसर्स कनेक्ट’ भी चलाया जाएगा। सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को अलग-अलग वर्गों तक पहुंचाने के लिए जनसंपर्क का व्यापक अभियान चलाने की योजना है।
7 अक्टूबर को ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ निकाली जाएगी। इसके साथ वाराणसी से वडनगर तक ‘जल, जन और सेवा संकल्प’ यात्रा भी प्रस्तावित है। नागरिकों को रक्तदान, वृक्षारोपण, स्वास्थ्य जांच और स्वच्छता समेत 25 सेवा गतिविधियों से जोड़ने के लिए ‘सेवा मेरा योगदान’ अभियान चलाया जाएगा। वहीं प्रत्येक विकासखंड में ‘सेवा सेतु अभियान’ के तहत बहुउद्देशीय शिविर आयोजित कर लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं और सेवाओं से जोड़ने की तैयारी है।
17 अक्टूबर को ‘सुशासन सेवा संवाद’ के साथ अभियान का समापन होगा। मुख्यमंत्री की समीक्षा बैठक में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी तथा प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल भी मौजूद रहे। अभियान के जरिए सरकार की कोशिश जनकल्याणकारी योजनाओं की पहुंच बढ़ाने, लाभार्थियों से सीधा संवाद स्थापित करने और सेवा, सुशासन व विकास के संदेश को प्रदेश के प्रत्येक हिस्से तक पहुंचाने की है।


