– भाजपा देशभर में चलाएगी ‘सेवा संकल्प अभियान’
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि जब केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार बनी थी, उस समय देश के सामने अनेक चुनौतियां थीं और चारों तरफ अंधकार जैसा माहौल था। इसके बाद सरकार ने लगातार नीतिगत बदलावों और जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से लोगों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने का प्रयास किया।
नितिन नवीन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने देश के विकास को नई दिशा देने के साथ आम लोगों के जीवन में बदलाव लाने पर लगातार जोर दिया है। सरकार की कोशिश रही है कि विकास का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचे और देश में सकारात्मक वातावरण तैयार हो।
इसी क्रम में भाजपा अब देशभर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाएगी। अभियान के माध्यम से पार्टी कार्यकर्ता जनता के बीच पहुंचेंगे और सेवा, जनकल्याण तथा राष्ट्र निर्माण से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प लेंगे।
नितिन नवीन ने कहा कि भाजपा के लिए राजनीति केवल सत्ता प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि सेवा का संकल्प है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से भी समाज के विभिन्न वर्गों के बीच सक्रिय होकर सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी प्रयासों को लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया।


