29 C
Lucknow
Friday, May 1, 2026

कहासुनी का खौफनाक अंत: बेटे ने जहर खाया, सदमे में मां ने लगाई फांसी,

Must read

 

इटावा

जनपद के लवेदी थाना क्षेत्र स्थित ग्राम पंचायत चिंडोली में शुक्रवार शाम एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां मामूली कहासुनी ने मां-बेटे की जान ले ली। इस दोहरी आत्महत्या की घटना से पूरे गांव में शोक और सनसनी का माहौल फैल गया, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव निवासी 21 वर्षीय विवेक सिंह और उनकी 55 वर्षीय मां गुड्डी देवी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। यह विवाद इतना बढ़ गया कि आक्रोश में आकर विवेक सिंह ने घर के अंदर ही जहरीला पदार्थ खा लिया। कुछ ही देर में उसकी हालत बिगड़ने लगी और उसने दम तोड़ दिया।
जब मां गुड्डी देवी ने अपने बेटे को इस हालत में देखा तो वह गहरे सदमे में चली गईं। बेटे की मौत का आघात वह सहन नहीं कर सकीं और मानसिक तनाव में आकर उन्होंने भी घर के अंदर साड़ी का फंदा बनाकर फांसी लगा ली। देखते ही देखते एक ही घर में दो जिंदगियां खत्म हो गईं, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
घटना की जानकारी मिलते ही लवेदी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी प्रीति सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और ग्रामीणों से पूछताछ की। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला घरेलू विवाद का प्रतीत हो रहा है, हालांकि आत्महत्या के पीछे के वास्तविक कारणों की गहन जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर यह सोचने पर मजबूर कर दिया है कि छोटे-छोटे पारिवारिक विवाद किस तरह भयावह रूप ले सकते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते विवाद को शांत कर लिया जाता या किसी ने हस्तक्षेप किया होता, तो शायद दो जिंदगियां बच सकती थीं।
फिलहाल गांव में मातम पसरा हुआ है और हर कोई इस घटना से स्तब्ध है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से अपील की है कि ऐसे मामलों में जागरूकता बढ़ाई जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की दुखद घटनाओं को रोका जा सके।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article