– ब्लेड से गला काटकर आत्महत्या की आशंका
लखनऊ। संजय गाँधी पोस्टग्रेजुएट इंस्टिट्यूट ऑफ़ मेडिकल साइंसस (पीजीआई) अस्पताल में एक मरीज की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने से हड़कंप मच गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मरीज द्वारा ब्लेड से गला काटकर आत्महत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद अस्पताल प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंच गई तथा पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
मृतक की पहचान बस्ती निवासी 61 वर्षीय मुश्ताक अली के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह पिछले लगभग एक माह से लीवर कैंसर के इलाज के लिए पीजीआई में भर्ती थे। परिजनों के अनुसार वह लंबे समय से गंभीर बीमारी और आर्थिक तंगी से परेशान चल रहे थे।
घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। अस्पताल कर्मियों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद अस्पताल प्रशासन ने भी मामले की आंतरिक जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस सभी तथ्यों और परिस्थितियों को ध्यान में रखकर आगे की कार्रवाई कर रही है।


