लखनऊ। वकीलों के चैंबर तोड़े जाने के बाद अधिवक्ताओं का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। सोमवार को बड़ी संख्या में वकील स्वास्थ्य भवन चौराहे पर एकत्र हुए और नगर निगम तथा प्रशासन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान अधिवक्ताओं ने नारेबाजी करते हुए कार्रवाई को अन्यायपूर्ण बताया।
जानकारी के अनुसार नगर निगम की टीम ने हाईकोर्ट के आदेश के अनुपालन में बीते दिन कई चैंबरों को हटाने और तोड़ने की कार्रवाई की थी। इसी कार्रवाई के विरोध में वकील सड़क पर उतर आए। अधिवक्ताओं का कहना है कि बिना वैकल्पिक व्यवस्था किए वर्षों पुराने चैंबर तोड़ना उनके साथ अन्याय है।
प्रदर्शन के दौरान माहौल तनावपूर्ण हो गया था। वकीलों ने आरोप लगाया कि विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिस द्वारा लाठीचार्ज किया गया, जिससे अधिवक्ताओं में भारी नाराजगी है। कई वकीलों ने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का दमन बताया।
स्वास्थ्य भवन चौराहे पर प्रदर्शन के कारण कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया और अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को शांत कराने का प्रयास किया।
अधिवक्ताओं ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया और वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। वहीं प्रशासन का कहना है कि हाईकोर्ट के आदेश के अनुपालन में कार्रवाई की गई है और कानून व्यवस्था बनाए रखना प्राथमिकता है।


