फर्रुखाबाद। जनपद पुलिस की सर्विलांस सेल ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए चोरी एवं गुम हुए 125 मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को वापस सौंप दिया। बरामद किए गए मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत करीब 28 लाख रुपये बताई जा रही है। मोबाइल वापस मिलने से लोगों के चेहरों पर खुशी देखने को मिली और उन्होंने पुलिस की कार्यशैली की सराहना की।
पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि सर्विलांस सेल फतेहगढ़ द्वारा लगातार तकनीकी माध्यमों और सीईआईआर पोर्टल की सहायता से गुम एवं चोरी हुए मोबाइल फोन की तलाश की जा रही थी। इसी क्रम में विभिन्न कंपनियों के कुल 125 मोबाइल फोन बरामद किए गए, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 28 लाख रुपये है।
बरामद मोबाइल फोन को उनके वास्तविक धारकों की पहचान सुनिश्चित करने के बाद उन्हें विधिवत सुपुर्द कर दिया गया। लंबे समय बाद अपना मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए जनपद पुलिस और सर्विलांस सेल की टीम का आभार जताया।
पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने कहा कि आम जनता की संपत्ति की सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकता है और गुम या चोरी हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए सर्विलांस सेल लगातार सक्रिय रूप से कार्य कर रही है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि मोबाइल गुम होने या चोरी होने की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना दें तथा सीईआईआर पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराएं, जिससे मोबाइल फोन को ट्रेस कर जल्द बरामद किया जा सके।
सर्विलांस सेल की बड़ी सफलता, 28 लाख रुपये कीमत के 125 गुम और चोरी हुए मोबाइल बरामद, वास्तविक मालिकों को किए गए सुपुर्द


