कमालगंज
भोजपुर विधानसभा क्षेत्र के विकास को गति देने के उद्देश्य से विधायक नागेंद्र सिंह राठौर ने विकास खण्ड कमालगंज में मुख्यमंत्री त्वरित आर्थिक विकास योजना के अंतर्गत विभिन्न सड़क निर्माण परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इस दौरान क्षेत्रवासियों ने विकास कार्यों के लिए विधायक का आभार व्यक्त किया।
शिलान्यास कार्यक्रम के तहत ग्राम पंचायत सियापुर से जहानगंज–कमालगंज रोड स्थित कंधरापुर देवस्थान तक 1.350 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण कराया जाएगा, जिस पर लगभग 114.54 लाख रुपये की लागत आएगी। वहीं ग्राम पंचायत बसाह नगला से रजीपुर–श्रृंगीरामपुर संपर्क मार्ग तक 0.980 किलोमीटर सड़क के निर्माण पर 84.45 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके अलावा ग्राम पंचायत फतेहपुर रावसाहब से फतेहउल्लाहपुर तक 0.655 किलोमीटर सड़क का निर्माण 43.37 लाख रुपये की लागत से कराया जाएगा।
विधायक नागेंद्र सिंह राठौर ने कहा कि क्षेत्र के लोगों को बेहतर सड़क सुविधा उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से ग्रामीणों को सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी तथा क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास को भी नई दिशा प्राप्त होगी। उन्होंने कहा कि जनसेवा और विकास के संकल्प के साथ भोजपुर विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्य निरंतर जारी रहेंगे।


