क्रासर
शमशाबाद, हजियापुर और हुसैनपुर तराई की विद्युत व्यवस्था ध्वस्त, पोल टूटने और लाइनें क्षतिग्रस्त होने से जनजीवन प्रभावित; पानी के लिए भी तरसे लोग
शमशाबाद, फर्रुखाबाद। तेज हवाओं और रिमझिम बारिश के चलते शमशाबाद क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। शमशाबाद, हजियापुर तथा हुसैनपुर तराई विद्युत उपकेंद्रों से जुड़े करीब 200 गांवों की बिजली आपूर्ति मध्यरात्रि से ठप हो गई। बिजली गुल होने से नगर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। घरों में अंधेरा छा गया और पानी की आपूर्ति भी बाधित हो गई।
जानकारी के अनुसार तेज हवाओं और बारिश के चलते कई स्थानों पर विद्युत पोल क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि बिजली की लाइनें भी टूटकर प्रभावित हुईं। अद्दूपुर के पास मुख्य लाइन के तीन पोल तिरछे हो गए। वहीं रोशनाबाद फीडर के तीन पोल क्षतिग्रस्त हो गए। हरसिंहपुर फीडर के परम नगर गांव में भी एक विद्युत पोल टूट गया। इसके अलावा कई अन्य स्थानों पर बिजली की लाइनें क्षतिग्रस्त होने से आपूर्ति बाधित हो गई।
बिजली के साथ पानी का संकट
मध्यरात्रि से बिजली आपूर्ति ठप होने के कारण लोगों को रातभर अंधेरे में रहना पड़ा। बिजली से चलने वाले उपकरण बंद हो गए और सबमर्सिबल पंप नहीं चलने से पानी का संकट खड़ा हो गया। ग्रामीण इलाकों में लोग पानी की एक-एक बूंद के लिए परेशान होते रहे। मोबाइल फोन चार्ज नहीं हो सके, जिससे लोगों की रोजमर्रा की जरूरतें भी प्रभावित हुईं।
विद्युत विभाग की टीम जुटी
इस संबंध में अवर अभियंता दीपक राम ने बताया कि लगातार बारिश होने के बावजूद विद्युत कर्मचारियों को पेट्रोलिंग के लिए भेजा जा रहा है। विभिन्न स्थानों पर क्षतिग्रस्त विद्युत पोल और लाइनों की जानकारी जुटाई जा रही है। क्षतिग्रस्त पोल और लाइनों को दुरुस्त कर जल्द से जल्द बिजली आपूर्ति बहाल कराने का प्रयास किया जा रहा है।
बारिश से कच्चे मकानों पर भी खतरा
लगातार तेज हवाओं और बारिश के चलते आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि बारिश का सिलसिला इसी तरह जारी रहा तो गरीब परिवारों के कच्चे मकानों को भी नुकसान पहुंच सकता है। लोगों ने संभावित अनहोनी की आशंका जताते हुए चिंता जाहिर की है।


