अमृतपुर: श्रावण मास के तृतीय सोमवार को लेकर अमृतपुर थाना पुलिस पूरी तरह सतर्क नजर आ रही है। कांवड़ियों की सुरक्षित आवाजाही और यातायात व्यवस्था को लेकर थानाध्यक्ष दर्शन सिंह सोलंकी ने पुलिस बल के साथ क्षेत्र में व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
थानाध्यक्ष ने कांवड़ मार्गों पर यातायात व्यवस्था को देखा तथा पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया कि कांवड़ियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो और यातायात सुचारु बना रहे। उन्होंने बाइक सवारों की गतिविधियों पर भी विशेष नजर रखने के निर्देश दिए, ताकि तेज रफ्तार, लापरवाही से वाहन चलाने अथवा हुड़दंग करने वाले लोगों पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।
अराजक तत्वों को लेकर भी पुलिस सख्त नजर आई। थानाध्यक्ष दर्शन सिंह सोलंकी ने स्पष्ट किया कि धार्मिक आयोजन की आड़ में माहौल बिगाड़ने या कानून व्यवस्था प्रभावित करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के साथ ही पुलिसकर्मियों को लगातार गश्त और निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए अमृतपुर पुलिस की सक्रियता से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस की मुस्तैदी साफ नजर आई। थानाध्यक्ष ने पुलिसकर्मियों से ड्यूटी के दौरान पूरी जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने को कहा।


