पीलीभीत: पीलीभीत (Pilibhit) जिलें में रफ्तार का कहर देखने को मिला है, जहां तेज रफ्तार ट्रक (truck) ने बाइक सवार युवक को चपेट में ले लिया। घटना में युवक की मौत हो गई, हादसे के बाद मौके पर हड़कंप मच गया। जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवक की लाश का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, पुलिस घटना की जांच में जुट गई है।
बता दें कि घटना बीसलपुर इलाके में शाहजहांपुर हाइवे पर उस वक्त घटी, जब युवक अपने दोस्त के घर अहिरपुरा नगला जा रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने युवक की बाइक को पीछे से जोरदार ठोकर मारी। ठोकर इतनी भयानक थी कि युवक दूर जा गिरा। घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हुआ। हादसा होता देख आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घटना की सूचना पुलिस को दी।
हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया, जहां जांच कर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान विक्रांत वर्मा (22) के रूप में हुई है। पुलिस ने युवक की लाश को पीएम के लिए भेजा है। घटना की जांच के साथ फरार ट्रक चालक की तलाश जारी है। जांच और शिकायत के आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई करने की बात कह रही है।


