लखनऊ। ट्रांसजेंडर समुदाय के प्रति संवेदनशील और विश्वास आधारित पुलिसिंग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से लखनऊ पुलिस ने रिजर्व पुलिस लाइन्स में विशेष संवेदीकरण प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में करीब 120 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भाग लिया।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को ट्रांसजेंडर व्यक्तियों (अधिकारों का संरक्षण) अधिनियम, 2019 तथा ट्रांसजेंडर व्यक्तियों (अधिकारों का संरक्षण) नियमावली, 2020 के प्रमुख प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही समुदाय से जुड़े मामलों में कानून के अनुरूप निष्पक्ष, सम्मानजनक और त्वरित कार्रवाई करने पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम में अधिकारियों को बताया गया कि ट्रांसजेंडर समुदाय से संबंधित शिकायतों का त्वरित एवं निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित किया जाए और पीड़ितों के साथ संवेदनशील व्यवहार अपनाया जाए। इस दौरान कैसरबाग थाने में संचालित ट्रांसजेंडर हेल्पडेस्क की कार्यप्रणाली और उसकी उपयोगिता की भी जानकारी साझा की गई।
प्रशिक्षण सत्र में समुदाय के साथ विश्वास आधारित पुलिसिंग, प्रभावी संवाद, सम्मानजनक व्यवहार और मानवाधिकारों के संरक्षण जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम पुलिस और समाज के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा सभी नागरिकों को न्यायपूर्ण और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।


