32 C
Lucknow
Thursday, October 1, 2026

उच्च न्यायालय के निर्देश पर स्लीपर और एसी बसों की विशेष चेकिंग

Must read

फर्रुखाबाद। उच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुपालन में यातायात पुलिस ने ‘मीट एंड ग्रीट’ विशेष अभियान के तहत स्लीपर और एसी बसों की सघन चेकिंग शुरू की है। अभियान के दौरान बसों में यात्री सुरक्षा के निर्धारित मानकों की जांच करने के साथ महिला और बालिका यात्रियों से संवाद कर उनकी सुरक्षा व्यवस्था का भी जायजा लिया गया।
अपर पुलिस महानिदेशक, यातायात के निर्देश तथा पुलिस अधीक्षक आरती सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार और क्षेत्राधिकारी यातायात के निर्देशन में चल रहे अभियान के तहत यातायात उपनिरीक्षक सत्येंद्र कुमार ने शहर के विभिन्न चौराहों, तिराहों और बस स्टैंड पर निजी एसी, सरकारी एसी और स्लीपर बसों की जांच की।
चेकिंग के दौरान बसों में अग्निशामक यंत्र, आपातकालीन निकास, आपातकालीन सुरक्षा उपकरण समेत अन्य निर्धारित सुरक्षा मानकों की उपलब्धता और कार्यशीलता परखी गई। विशेष रूप से रात्रिकालीन संचालन के दौरान सुरक्षा नियमों के पालन की जांच की जा रही है।
अभियान के दौरान बसों में यात्रा कर रहे यात्रियों से बातचीत कर उनकी सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली गई। महिलाओं, बालिकाओं और बच्चियों से विशेष रूप से संवाद कर यात्रा के दौरान आने वाली किसी भी समस्या की जानकारी देने तथा आवश्यकता पड़ने पर तत्काल पुलिस की सहायता लेने के लिए जागरूक किया गया।
यातायात पुलिस ने बस संचालकों और चालकों को निर्धारित यातायात एवं सुरक्षा नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करने के निर्देश दिए। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। यातायात पुलिस के अनुसार यात्री सुरक्षा, विशेषकर महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेगा।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article