लखनऊ: उत्तर प्रदेश में राज्यसभा और विधान परिषद चुनाव को लेकर बीजेपी की बैठकों के बीच समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) ने निशाना साधा है। सपा नेता फखरुल हसन चांद (Fakhrul Hasan chand) ने बीजेपी की बैठक को लेकर कहा कि पार्टी के अंदर बेचैनी बढ़ रही है। उन्होंने दावा किया कि सपा के रोज लिए जा रहे फैसलों से बीजेपी परेशान है और जनता बदलाव चाहती है।
फखरुल हसन चांद ने कहा, “भाजपा की सरकार जाने वाली सरकार है। इनमें बेचैनी बढ़ रही है, बैठकों का दौर जारी है, लेकिन बेचैनी कम नहीं हो रही है।” उन्होंने कहा कि बैठकों से जनता पर कोई फर्क नहीं पड़ने वाला है, उनके मुताबिक, “पीडीए परिवर्तन चाहती है।”
सपा नेता ने कहा कि उनकी पार्टी राज्यसभा और विधान परिषद में पहले से ज्यादा सदस्य भेजने में कामयाब होगी। वहीं, बीजेपी की ओर से राज्यसभा और विधान परिषद चुनाव की तैयारियों को लेकर संगठन स्तर पर बैठकें की जा रही हैं। 29 सितंबर को हुई बीजेपी कोर कमेटी की बैठक में संभावित उम्मीदवारों के नामों पर विचार किया गया था।
बीजेपी प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े गुरुवार को लखनऊ में सह-प्रभारियों और प्रदेश पदाधिकारियों के साथ बैठक कर रहे हैं। बैठक में संगठन की जमीनी स्थिति, बूथ स्तर की तैयारियों और 2027 विधानसभा चुनाव की रणनीति की समीक्षा हो रही है। क्षेत्रीय प्रभारियों की जिम्मेदारियों और आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों पर भी चर्चा प्रस्तावित है।
बीजेपी की बैठकों में राज्यसभा और विधान परिषद चुनाव के संभावित उम्मीदवारों को लेकर भी मंथन चल रहा है। रिपोर्ट के मुताबिक, यूपी में राज्यसभा की 10 सीटों और विधान परिषद की शिक्षक-स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों की 11 सीटों के लिए चुनाव प्रस्तावित हैं। राज्यसभा और एमएलसी चुनाव के लिए बीजेपी की रणनीति को 2027 विधानसभा चुनाव से पहले संगठन की तैयारियों से भी जोड़कर देखा जा रहा है।


