सीतापुर। नजूल भूमि पर बने समाजवादी पार्टी के कार्यालय को प्रशासन द्वारा हटाए जाने का मामला चर्चा में है। इस कार्रवाई को लेकर नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह कदम न्यायालय के आदेश और निर्धारित प्रक्रिया के तहत उठाया गया।
नगर निगम की एग्जीक्यूटिव ऑफिसर सीमा सिंह ने बताया कि संबंधित भूमि पर अवैध कब्जे को लेकर बाकायदा नोटिस जारी किया गया था। उन्होंने कहा कि नोटिस दिए जाने के बाद 15 दिन का समय भी दिया गया, लेकिन भूमि खाली नहीं की गई। इसके बाद प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए कब्जा हटवा दिया।
सीमा सिंह के अनुसार संबंधित स्थान पर एक पार्टी कार्यालय संचालित हो रहा था, लेकिन उसके संबंध में कोई वैध अभिलेख या स्वामित्व संबंधी दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए गए। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य उक्त नजूल भूमि को सुरक्षित रखना है, ताकि भविष्य में वहां सरकारी कॉलेज जैसी सार्वजनिक उपयोग की परियोजना विकसित की जा सके।
कार्रवाई के बाद राजनीतिक हलकों में इस मामले को लेकर प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। वहीं प्रशासन का कहना है कि पूरी कार्रवाई न्यायालय के निर्देशों और नियमानुसार की गई है।


