अयोध्या। समाजवादी पार्टी ने 26 मई को अयोध्या जिला मुख्यालय पर बड़ा धरना-प्रदर्शन करने का ऐलान किया है। पार्टी नेताओं के अनुसार यह प्रदर्शन बढ़ती महंगाई, किसानों और आम लोगों की समस्याओं तथा जमीनों के जबरन अधिग्रहण के विरोध में आयोजित किया जाएगा।
प्रदर्शन का नेतृत्व अवधेश प्रसाद करेंगे। पार्टी का कहना है कि प्रदेश और देश में लगातार बढ़ती महंगाई से आम जनता परेशान है, जबकि किसानों और गरीबों की जमीनों का जबरन अधिग्रहण किया जा रहा है। इन मुद्दों को लेकर सरकार को घेरने की रणनीति बनाई गई है।
सपा नेताओं का आरोप है कि विकास परियोजनाओं के नाम पर किसानों और ग्रामीणों की जमीनें उनकी सहमति के बिना ली जा रही हैं, जिससे लोगों में भारी नाराजगी है। पार्टी का कहना है कि यदि सरकार ने जनता की समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।
धरना-प्रदर्शन को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। वहीं प्रशासन भी कार्यक्रम को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था और कानून व्यवस्था को लेकर सतर्क नजर आ रहा है।


