– डॉ. नवल किशोर शाक्य की खुलकर की तारीफ
– शनिवार डॉ शाक्य के लखनऊ लान का सांसद डिम्पल और शिवपाल करेंगे उद्घाटन
– बेटे के जन्मोत्सव में होंगे शामिल
– करीब 10 हजार लोगों के जुटने के इंतजाम
एटा/कासगंज। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शुक्रवार को एटा-कासगंज क्षेत्र में आयोजित ‘पीडीए परिवार समारोह’ और उर्मिला गार्डन के उद्घाटन कार्यक्रम में विशाल जनसमूह को संबोधित करते हुए कार्यकर्ताओं और समर्थकों का आभार जताया। कार्यक्रम में उमड़ी हजारों की भीड़ ने सपा नेतृत्व को उत्साहित कर दिया।और अपनी पार्टी के नेता डॉ नवल किशोर शाक्य की दिलखोल कर प्रशंसा की।
अखिलेश यादव ने कहा कि पीडीए परिवार को मिल रहा जनसमर्थन इस बात का संकेत है कि प्रदेश की जनता बदलाव का मन बना चुकी है। उन्होंने कहा कि मिलने-जुलने से अपनापन और हौसला बढ़ता है तथा पुराने साथियों के जुड़ने से संगठन की एकता और भी मजबूत होती है। उन्होंने दावा किया कि बड़ों का आशीर्वाद और युवाओं की ऊर्जा वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में नया इतिहास रचेगी।
सभा के दौरान अखिलेश यादव ने फर्रुखाबाद से सांसद का चुनाव लड़े डॉ . नवल किशोर शाक्य की खुलकर सराहना की। उन्होंने मंच से उन्हें अपना सांसद बताते हुए कहा कि जनता ने उन्हें भरपूर समर्थन दिया है। अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि चुनाव के दौरान प्रशासनिक स्तर पर निष्पक्षता को लेकर सवाल खड़े हुए और कई स्थानों पर लोकतांत्रिक प्रक्रिया प्रभावित करने की कोशिशें हुईं। उन्होंने दावा किया कि जनता के समर्थन के बावजूद राजनीतिक षड्यंत्रों के जरिए समाजवादी विचारधारा को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया गया।
सपा प्रमुख ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) की बढ़ती एकजुटता से विरोधी दल परेशान हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और जनता के मुद्दों को प्राथमिकता देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और समर्थक मौजूद रहे। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि एटा-कासगंज में उमड़ी भीड़ ने समाजवादी पार्टी को आगामी चुनावों के लिए नया उत्साह दिया है, जबकि अखिलेश यादव के बयान आने वाले समय में प्रदेश की राजनीति में नई बहस को जन्म दे सकते हैं।


