संभल से समाजवादी पार्टी के सांसद जियाउर्रहमान बर्क ने पश्चिम बंगाल चुनाव और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के “काबा” संबंधी बयान पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की सरकार मजबूत बनी रहेगी और वहां की जनता किसी भी तरह की सांप्रदायिक राजनीति को स्वीकार नहीं करेगी।
बुधवार शाम रायसत्ती थाना क्षेत्र में एक कार्यक्रम में पहुंचे सांसद बर्क ने कहा कि ममता बनर्जी अकेले दम पर चुनाव लड़ रही हैं और उन्हें जनता का व्यापक समर्थन प्राप्त है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा और एनडीए चाहे कितना भी जोर लगा लें, लेकिन वे पश्चिम बंगाल में सफल नहीं हो पाएंगे।
सांसद ने कहा कि ममता बनर्जी सभी वर्गों को साथ लेकर चलने वाली नेता हैं और उनकी जमीनी पकड़ मजबूत है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले चुनाव में जनता विकास और एकता के आधार पर निर्णय लेगी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के उस बयान पर, जिसमें उन्होंने कहा था कि “बंगाल को काबा की धरती नहीं बनने देंगे”, सांसद बर्क ने आपत्ति जताई। उन्होंने इस बयान को गलत शब्दों का प्रयोग बताया और कहा कि किसी भी मुख्यमंत्री या प्रधानमंत्री को किसी भी धर्म या पवित्र स्थल पर टिप्पणी करने से बचना चाहिए।
बर्क ने कहा कि काबा शरीफ दुनिया भर के मुसलमानों के लिए एक पवित्र धार्मिक स्थल है, जहां हज और उमरा किया जाता है, इसलिए इस तरह के शब्दों का उपयोग उचित नहीं है। उन्होंने राजनीति में धर्म को घसीटने को गलत बताते हुए कहा कि इससे समाज में गलत संदेश जाता है।
सांसद ने जोर देकर कहा कि भारत एक लोकतांत्रिक देश है, जहां सभी धर्मों के लोगों को अपने-अपने तरीके से जीवन जीने और पूजा-पाठ करने की स्वतंत्रता है। उन्होंने कहा कि राजनीति का उद्देश्य विकास और सभी को साथ लेकर चलना होना चाहिए, न कि किसी धर्म का अपमान करना।
इस मौके पर सांसद के साथ उनके पिता ममलूकुर्रहमान बर्क, सभासद इमरान रसूल सहित कई लोग मौजूद रहे।


