कमालगंज संवाददाता 📍
भोजपुर विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस प्रत्याशी और प्रदेश सचिव अर्चना राठौर ने चुनाव प्रचार का एक नया और अनोखा तरीका अपनाया है। उन्होंने परम्परागत जनसंपर्क के साथ-साथ रथ यात्रा निकाली और स्थानीय लोक कलाकारों के माध्यम से नुक्कड़ नाटकों और लोकगीतों से वर्तमान भाजपा सरकार की नीतियों की कमियों को जनता के सामने रखा।
प्रचार के दौरान अर्चना राठौर खुद मंच पर उतरीं और ढोलक की थाप पर प्रसिद्ध लोकगीत “सइयां तो खूब ही कमात है, महंगाई डायन खाए जात है” गाकर महंगाई, बेरोजगारी और किसानों की बदहाली जैसे मुद्दों पर सरकार को घेरा। उनके साथ कलाकारों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से महंगाई, किसानों की समस्याएँ, पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतें और कथित ‘चंदा चोरी’ जैसे गंभीर विषयों को बेहद प्रभावशाली ढंग से पेश किया।
कार्यक्रम की शुरुआत मंदिर में पूजा-अर्चना से हुई, जिसके बाद भव्य रोड शो निकाला गया। रथ यात्रा और रोड शो में के दौरान गानों के माध्यम से भाजपा सरकार की नीतियों का विरोध किया।
अर्चना राठौर का जनसंपर्क अभियान खुदागंज, रजीपुर, कमालगंज से लेकर जहानगंज तक चला। इस दौरान वह नसरतपुर, जहानगंज, ईसापुर, जलालपुर सहित कई गांवों में पहुंचीं। जगह-जगह पर बुजुर्गों, महिलाओं और युवाओं ने फूल-माला पहनाकर उनका स्वागत किया और जीत का आशीर्वाद दिया। इस दौरान भारी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।


