फतेहपुर
समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा बयान दिया। बांदा से लखनऊ जाते समय बिंदकी बस स्टैंड के पास सपा लोहिया वाहिनी के जिलाध्यक्ष मो. आजम के आवास पर उनका जोरदार स्वागत किया गया। इस दौरान उन्होंने पार्टी की रणनीति और आगामी चुनाव को लेकर अपने विचार साझा किए।
पत्रकारों से बातचीत में सिद्दीकी ने कहा कि अखिलेश यादव 2027 में दूसरी बार मुख्यमंत्री बनेंगे। उन्होंने ‘पीडीए’ (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) को सपा की जीत का आधार बताते हुए दावा किया कि यह पार्टी की पांचवीं सरकार होगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि 2027 का विधानसभा चुनाव सपा का मुख्य लक्ष्य है और पार्टी इसी दिशा में काम कर रही है।
सिद्दीकी ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि अपराध लगातार बढ़ रहे हैं और सरकार इस पर नियंत्रण करने में विफल रही है। उन्होंने गाजीपुर, सीतापुर, मेरठ, हाथरस और सोनभद्र की घटनाओं का जिक्र करते हुए सरकार पर निशाना साधा। साथ ही महंगाई, बेरोजगारी और किसानों की समस्याओं को भी प्रमुख मुद्दा बताया। उन्होंने कहा कि गैस सिलेंडर के दाम बढ़ रहे हैं और युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा, जबकि किसानों को उनकी फसल का उचित मूल्य नहीं मिल पा रहा है।
केंद्र सरकार पर भी हमला बोलते हुए उन्होंने कृषि कानूनों के मुद्दे को उठाया और किसानों के आंदोलन का जिक्र किया। इसके अलावा पश्चिम बंगाल की राजनीति पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने दावा किया कि ममता बनर्जी एक बार फिर मुख्यमंत्री बनेंगी। वहीं “बुलडोजर कार्रवाई” को लेकर उन्होंने कहा कि ज्यादा बोलने पर कार्रवाई का डर बना रहता है।


