नई दिल्ली: दिल्ली को 200 नई इलेक्ट्रिक बसों की सौगात मिली है। सीएम रेखा गुप्ता (CM Rekha Gupta) ने नई बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। साथ ही इस अवसर पर दिल्ली की महिलाओं के लिए भी स्पेशल बस सेवा की शुरुआत की गई। दिल्ली सीएम ने 56 Dedicated Ladies Special Electric Bus Services की शुरुआत की। वहीं छात्राओं के लिए 26 स्पेशल ट्रिप शुरू की। इसके अलावा दिल्ली से करनाल के बीच अंतर्राज्यीय रूट पर भी पांच नई एसी इलेक्ट्रिक बसें शुरू की जाएंगी। इन बसों के शुरू होने से यात्रियों को बेहतर और पर्यावरण अनुकूल परिवहन सुविधा मिलेगी।
सीएम रेखा गुप्ता ने खुद इन बसों के परिचालन की जानकारी सोशल मीडिया एक्स पर दी। दिल्ली मुख्यमंत्री ने एक्स पर लिखा- आज दिल्ली यूनिवर्सिटी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स से माननीय उपराज्यपाल श्री तरनजीत सिंह संधू जी की गरिमामयी उपस्थिति में 200 नई इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर दिल्लीवासियों की सेवा में समर्पित किया।इनके जुड़ने के साथ दिल्ली में इलेक्ट्रिक बसों की संख्या अब लगभग 5,000 हो गई है।
दिल्ली सीएम ने आगे लिखा- आज का दिन दिल्ली की महिलाओं के लिए भी खास है। 56 Dedicated Ladies Special Electric Bus Services की शुरुआत की गई है, जो Hindu College, Ramjas, Daulat Ram, Shri Ram College, LSR, Gargi, Hansraj और SGGSCC जैसे प्रमुख कॉलेजों तक सीधी सुविधा देंगी। इसके साथ दिल्ली–करनाल अंतरराज्यीय ई-बस सेवा और राजघाट डिपो-1 में सार्वजनिक EV चार्जिंग स्टेशन की भी शुरुआत हुई। इस अवसर पर कैबिनेट सहयोगी डॉ. पंकज कुमार सिंह जी, विधायक श्री सूर्यप्रकाश खत्री जी सहित अन्य गणमान्य जन उपस्थित रहे।
नई बस सेवाओं में महिलाओं की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए 56 लेडीज स्पेशल ट्रिप शुरू की जाएंगी। ये सेवाएं दिल्ली के 28 अलग-अलग रूटों पर संचालित होंगी। डीटीसी के ज्यादा मांग वाले 15 रूटों पर 30 लेडीज स्पेशल ट्रिप चलेंगी। इन रूटों से आवासीय इलाकों को नेहरू प्लेस, एम्स, साउथ एक्सटेंशन, आरके पुरम, कनॉट प्लेस, आईटीओ, दिल्ली सचिवालय, करोल बाग, कश्मीरी गेट और शिवाजी स्टेडियम जैसे प्रमुख क्षेत्रों से जोड़ा जाएगा। दिल्ली के विश्वविद्यालयों और कॉलेजों में पढ़ने वाली छात्राओं के लिए भी विशेष सुविधा शुरू की जा रही है। इसके तहत 13 रूटों पर 26 यूनिवर्सिटी लेडीज स्पेशल ट्रिप चलाई जाएंगी।
नई बसों में 12 मीटर लंबी 88 इलेक्ट्रिक बसें और 9 मीटर लंबी 112 देवी इलेक्ट्रिक बसें शामिल हैं। इनके शामिल होने के बाद दिल्ली के सार्वजनिक परिवहन बेड़े में बसों की संख्या करीब 6800 हो जाएगी। इनमें लगभग 4938 इलेक्ट्रिक बसें और 1750 सीएनजी बसें शामिल होंगी। सरकार का कहना है कि इलेक्ट्रिक बसों के बढ़ने से प्रदूषण कम करने और लोगों को सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।


