कन्नौज/फर्रुखाबाद। राजनीति को अक्सर सत्ता और चुनावी समीकरणों के चश्मे से देखा जाता है, लेकिन कभी-कभी कुछ ऐसे उदाहरण सामने आते हैं जो यह साबित कर देते हैं कि जनसेवा अब भी राजनीति की आत्मा है। समाजवादी पार्टी के फर्रुखाबाद जिला उपाध्यक्ष अजीत यादव ने ऐसा ही एक उदाहरण पेश करते हुए एक बेसहारा परिवार की बेटी की शादी में मदद कर मानवता की मिसाल कायम की है।
कन्नौज जनपद के छिबरामऊ क्षेत्र स्थित ग्राम मोहन नगला, लड़ैता निवासी अनवार अली की पुत्री मुस्कान की शादी 13 जून को निर्धारित थी। परिवार पहले से ही आर्थिक संकट से जूझ रहा था। मुस्कान के पिता अनवार अली 100 प्रतिशत पैरालाइज्ड हैं और परिवार में कोई कमाने वाला सदस्य नहीं है। ऐसे में बेटी की शादी की जिम्मेदारी परिवार के लिए बड़ी चुनौती बन गई थी।
परिवार की इस स्थिति की जानकारी जैसे ही टीम अजीत यादव को मिली, उन्होंने बिना देर किए पीड़ित परिवार से संपर्क किया और भरोसा दिलाया कि बेटी की शादी किसी भी हाल में नहीं रुकेगी। इसके बाद अजीत यादव स्वयं दहेज का आवश्यक सामान और आर्थिक सहायता लेकर परिवार के घर पहुंचे।

लोडर में भरकर पहुंचे घरेलू सामान, फर्नीचर और अन्य जरूरत की वस्तुओं को देखकर परिवार की आंखें नम हो गईं। मुस्कान और उसके परिजनों ने भावुक होकर अजीत यादव का आभार व्यक्त किया। परिवार का कहना था कि जिस समय सभी रास्ते बंद नजर आ रहे थे, उस समय यह मदद उनके लिए किसी संजीवनी से कम नहीं है।
समाजवादी पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष इरफान उल हक कादरी ने अजीत यादव के इस कदम की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्य समाजवादी विचारधारा की मूल भावना को मजबूत करते हैं और समाज में सकारात्मक संदेश देते हैं।
जिला महासचिव इलियास मंसूरी ने कहा कि अजीत यादव हमेशा जरूरतमंदों की मदद के लिए आगे रहते हैं और उनका यह प्रयास समाज के लिए प्रेरणादायक है। वहीं जिला प्रवक्ता राधेश्याम सविता ने बताया कि परिवार की आर्थिक स्थिति अत्यंत कमजोर है और ऐसे कठिन समय में मिली यह सहायता उनके लिए बहुत बड़ा सहारा साबित हुई है।


