वाराणसी: वाराणसी (Varanasi) के लालपुर-पांडेयपुर थाना पुलिस ने तांत्रिक अनीश उपाध्याय हत्याकांड का शुक्रवार को खुलासा करते हुए छह नामजद आरोपियों को गिरफ्तार (arrested) कर लिया हैं। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लकड़ी का स्टूल, घरेलू गैस सिलेंडर, लोहे की रॉड और म्यूजिक सिस्टम बरामद किया है। हत्या के दौरान म्यूजिक सिस्टम को तेज आवाज में चलाकर वारदात को अंजाम दिया गया था।
आरोपियों के परिवार की महिलाओं के साथ तांत्रिक अनीश उपाध्याय द्वारा अवैध संबंध बनाने का प्रयास किया गया। जिसके चलते उसकी हत्या कर दी गई। पुलिस के अनुसार पिछली नौ जुलाई को अनीश उपाध्याय की पत्नी ने उनके लापता होने की सूचना दर्ज कराई थी। इसके बाद 13 अगस्त को उन्होंने नामजद आरोपियों पर पति की हत्या कर शव छिपाने तथा साक्ष्य नष्ट करने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी, जिसके आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पुलिस के अनुसार, परिवार में बीमारी और आर्थिक परेशानी के चलते आरोपियों ने अनीश से पूजा-पाठ कराया था। समस्या बढ़ने पर उन्होंने हत्या की साजिश रची। पूछताछ में सामने आया कि कानपुर में सोनू, विकास और विशाल ने अभिषेक उर्फ रोहित व मोहित के साथ मिलकर योजना बनाई।इसके बाद साहिल पर साया होने का बहाना बनाकर अनीश को कंचनपुर, मंडुवाडीह स्थित मकान पर बुलाया गया। वहां स्टूल, सिलेंडर और रॉड से पीटकर उसकी हत्या कर दी गई।

परिजनों ने बताया कि 43 दिनों बाद 12 अगस्त को वाराणसी में लंका थाने से 3 किमी दूर कोलकाता-प्रयागराज हाईवे पर झाड़ियों में अनीश का सड़ा-गला शव मिला। बदबू आने पर स्थानीय लोगों ने पुलिस ने को सूचना दी थी। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने अपने साथी साहिल पर साया होने का बहाना बनाकर अनीश को मंडुवाडीह क्षेत्र के कंचनपुर स्थित किराये के मकान में बुलाया। वहां पहले से मौजूद आरोपियों ने लकड़ी के स्टूल, गैस सिलेंडर और लोहे की रॉड से हमला कर उसकी हत्या कर दी। हत्या के दौरान शोर बाहर न जाए, इसके लिए कमरे में म्यूजिक सिस्टम पर तेज आवाज में गाने बजाए गए। वारदात के बाद आरोपियों ने खून के निशान साफ किए और दुर्गंध छिपाने के लिए रूम फ्रेशनर व बॉडी स्प्रे का इस्तेमाल किया।


