मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम का फर्रुखाबाद में हुआ सजीव प्रसारण
फर्रुखाबाद। जनपद में पूर्वदशम एवं दशमोत्तर छात्रवृत्ति योजना के अंतर्गत कक्षा 11 एवं 12 के छात्र-छात्राओं को प्रथम चरण में छात्रवृत्ति प्रेषित की गई। इस अवसर पर प्रदेश स्तर पर आयोजित मुख्य कार्यक्रम का आयोजन लखनऊ स्थित लोक भवन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में किया गया। कार्यक्रम का सजीव प्रसारण प्रदेशभर के संबंधित विद्यालयों में किया गया।
इसी क्रम में जनपद के विभिन्न विद्यालयों में भी मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किया गया। छात्र-छात्राओं ने कार्यक्रम को देखा और छात्रवृत्ति वितरण कार्यक्रम की जानकारी प्राप्त की।
महीयसी महादेवी वर्मा राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, फतेहगढ़ में आयोजित कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष फतेहचंद्र वर्मा, जिला विद्यालय निरीक्षक संजीव कुमार, जिला समाज कल्याण अधिकारी शालिनी, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी योगेश पांडेय तथा विद्यालय की प्रधानाचार्य ने सहभागिता की।
अधिकारियों एवं विद्यालय प्रशासन ने छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें छात्रवृत्ति के स्वीकृति प्रमाण पत्र प्रदान किए। छात्रवृत्ति मिलने पर छात्र-छात्राओं में उत्साह देखने को मिला।
अधिकारियों ने कहा कि छात्रवृत्ति योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के विद्यार्थियों को शिक्षा जारी रखने में सहायता प्रदान करना है, ताकि आर्थिक कठिनाइयों के कारण किसी विद्यार्थी की पढ़ाई प्रभावित न हो।


