अयोध्या। राम मंदिर से जुड़े भूमि खरीद प्रकरण को लेकर गरमाई सियासत के बीच आप सांसद संजय सिंह नें सीधे चंपत राय को निशाना बनाया है।उन्होंने श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की एक भूमि खरीद को लेकर सवाल उठाते हुए पूरे मामले की स्वतंत्र जांच की मांग की है।
संजय सिंह का आरोप है कि ट्रस्ट ने 117 बिस्वा भूमि को करोड़ों रुपये की कीमत पर खरीदा, जबकि आसपास की भूमि के मूल्य इससे कहीं कम बताए गए। उन्होंने दावा किया कि इस खरीद में बड़े पैमाने पर वित्तीय अनियमितता की आशंका है और इसकी जांच होनी चाहिए। सांसद ने ट्रस्ट के पदाधिकारियों की भूमिका पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि यदि सब कुछ नियमों के तहत हुआ है तो पूरे मामले को सार्वजनिक किया जाए।
इस बयान के बाद नई बहस शुरू हो गई है। विपक्षी दल जहां मामले की जांच की मांग कर रहे हैं, वहीं ट्रस्ट से जुड़े लोग पहले भी ऐसे आरोपों को निराधार बताते रहे हैं। उनका कहना रहा है कि भूमि खरीद की प्रक्रिया कानूनी नियमों और बाजार मूल्य के अनुरूप की गई थी।


