नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने पार्टी छोड़कर भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने वाले नेताओं के खिलाफ बड़ा कदम उठाने का ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि वह राज्यसभा के सभापति को पत्र लिखकर राघव चड्ढा , अशोक मित्तल और संदीप पाठक को अयोग्य घोषित करने की मांग करेंगे।
संजय सिंह ने स्पष्ट कहा कि इन नेताओं द्वारा भाजपा में शामिल होना संविधान की दसवीं अनुसूची के तहत दल-बदल की श्रेणी में आता है, जो स्वेच्छा से अपनी पार्टी की सदस्यता त्यागने के समान है। ऐसे में इनकी राज्यसभा सदस्यता समाप्त की जानी चाहिए।
उन्होंने आरोप लगाया कि यह घटनाक्रम लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है और जनादेश का अपमान है। संजय सिंह ने कहा कि आम आदमी पार्टी इस मुद्दे को गंभीरता से उठाएगी और संवैधानिक प्रक्रिया के तहत कार्रवाई सुनिश्चित करने का प्रयास करेगी।
गौरतलब है कि हाल ही में राघव चड्ढा, अशोक मित्तल और संदीप पाठक ने पार्टी से इस्तीफा देकर भाजपा में शामिल होने का ऐलान किया है, जिसके बाद सियासी माहौल गरमा गया है। इस घटनाक्रम के बाद आप और भाजपा के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है और मामला अब संवैधानिक दायरे में पहुंचता नजर आ रहा है।


