राजस्थान रॉयल्स के मुख्य कोच ने खिलाड़ियों की उपलब्धता पर उठाए सवाल, BCCI के कड़े नियमों का किया समर्थन
राजस्थान रॉयल्स के मुख्य कोच कुमार संगकारा ने इंग्लैंड के ऑलराउंडर सैम करन के आईपीएल बीच में छोड़ने के फैसले पर नाराजगी जताई है। गुजरात टाइटंस के खिलाफ क्वालिफायर-2 में हार के बाद संगकारा ने कहा कि टीम को बताया गया था कि करन सीजन खत्म करने वाली चोट से जूझ रहे हैं, लेकिन बाद में उन्हें इंग्लैंड में सरे के लिए खेलते हुए देखा गया, जो निराशाजनक है।
संगकारा ने कहा कि गंभीर चोटों को समझा जा सकता है, लेकिन खिलाड़ियों को अपने अनुबंध और टीम के प्रति जिम्मेदारियों का ईमानदारी से पालन करना चाहिए। उन्होंने खिलाड़ियों की उपलब्धता को लेकर सख्त नियमों की जरूरत बताते हुए BCCI की मौजूदा नीति का समर्थन किया।
करन के हटने के बाद राजस्थान ने श्रीलंका के दासुन शनाका को रिप्लेसमेंट के तौर पर टीम में शामिल किया था, लेकिन वह अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर सके। वहीं पंजाब किंग्स के सह-मालिक मोहित बर्मन ने भी विदेशी खिलाड़ियों की उपलब्धता को लेकर BCCI और अन्य क्रिकेट बोर्डों के बीच बेहतर तालमेल की आवश्यकता बताई है।
गौरतलब है कि BCCI के नियमों के अनुसार नीलामी में बिकने के बाद बिना उचित कारण IPL से हटने वाले विदेशी खिलाड़ी पर दो साल का प्रतिबंध लगाया जा सकता है। संगकारा के बयान के बाद विदेशी खिलाड़ियों की प्रतिबद्धता और उपलब्धता को लेकर बहस एक बार फिर तेज हो गई है।


