कानपुर। कानपुर प्रेस क्लब द्वारा आयोजित सम्मान समारोह में राजनीति, समाज और मीडिया जगत की कई प्रमुख हस्तियां एक मंच पर नजर आईं। समारोह में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक , विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना तथा कानपुर के सांसद रमेश अवस्थी की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार के रूप में पंकज निगम का विशेष सम्मान किया गया।
सम्मान समारोह में पत्रकारिता के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले पत्रकारों और विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले व्यक्तित्वों का सम्मान किया गया। कार्यक्रम के दौरान लोकतंत्र में मीडिया की भूमिका, निष्पक्ष पत्रकारिता की आवश्यकता तथा समाज के प्रति पत्रकारों की जिम्मेदारियों पर भी चर्चा हुई।
उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने वाले पत्रकारों की सराहना करते हुए कहा कि पत्रकारिता समाज और सरकार के बीच संवाद का प्रभावी माध्यम है।
विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने पत्रकारिता को लोकतंत्र का चौथा स्तंभ बताते हुए कहा कि सकारात्मक और तथ्यपरक पत्रकारिता समाज को नई दिशा देने का कार्य करती है। वहीं सांसद रमेश अवस्थी ने भी पत्रकारों के योगदान को रेखांकित करते हुए जनसमस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने में उनकी भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।
कार्यक्रम में उपस्थित पंकज निगम ने कानपुर प्रेस क्लब की पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन पत्रकारों के मनोबल को बढ़ाने के साथ-साथ समाज में सकारात्मक संदेश देने का कार्य करते हैं।
सम्मान समारोह के दौरान विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिष्ठित हस्तियों, पत्रकारों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को विशेष गरिमा प्रदान की। समारोह सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ और उपस्थित लोगों ने प्रेस क्लब की इस पहल की सराहना की।


