कोलकाता: कोलकाता (Kolkata) के ताराताला इलाके में बन रहे एक गोदाम (warehouse) की छत गिरने से कई मज़दूर फंस गए। सूत्रों के मुताबिक, यह गोदाम चाय की पत्तियां रखने के लिए बनाया जा रहा था। यह तीन मंज़िला इमारत थी और उस समय वहां कंक्रीट की ढलाई का काम चल रहा था। हादसे के समय साइट पर लगभग 60 मज़दूर मौजूद थे; कुछ मज़दूर ढलाई का काम करते हुए ऊपरी मंज़िलों से नीचे उतर रहे थे, तभी यह हादसा हुआ।
स्थानीय लोगों के अनुसार, उन्हें ज़ोरदार आवाज़ सुनाई दी और पता चला कि गोदाम की पूरी छत गिर गई है। उन्होंने बताया कि तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। कोलकाता पुलिस और आपदा प्रबंधन की टीम मौके पर पहुँची और तुरंत बचाव कार्य शुरू कर दिया गया। फँसे हुए मज़दूरों को निकालने के लिए गैस कटर से लोहे के ढाँचे को काटकर हटाने की कोशिशें की जा रही हैं। बचाव कार्य में सेना के जवानों ने भी मदद की।
लोहे के बीम हटाने और मलबा साफ़ करने के लिए क्रेन का इस्तेमाल किया गया। इस बीच, हादसे के कुछ ही देर बाद मौके पर पहुँचे बीजेपी नेता राकेश सिंह ने कहा, “निर्माण कार्य नियमों के मुताबिक नहीं हो रहा था। कानून के अनुसार कार्रवाई होनी चाहिए।” कोलकाता की एडमिनिस्ट्रेटर स्मिता पांडे और नगर मामलों व शहरी विकास मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने भी कोलकाता नगर निगम के इंजीनियरों और अधिकारियों के साथ घटनास्थल का दौरा किया।
पुलिस या प्रशासन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है, लेकिन सूत्रों का कहना है कि बचाव अभियान को प्राथमिकता दी जा रही है। साथ ही, वेयरहाउस के मालिक और इस प्रोजेक्ट से जुड़ी कंस्ट्रक्शन कंपनी के बारे में भी जांच शुरू हो गई है। सूत्रों के मुताबिक, पुलिस वेयरहाउस के मालिक और कंस्ट्रक्शन कंपनी के अधिकारियों से पूछताछ करना चाहती है।


