कायमगंज, फर्रुखाबाद।
लखनऊ के अलीगंज स्थित कोचिंग सेंटर में हुई दर्दनाक अग्निकांड की घटना में जान गंवाने वाले छात्रों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए मंगलवार शाम कायमगंज में कैंडल मार्च निकाला गया। भारतीय उद्योग व्यापार मंडल नगर समिति के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में व्यापारी, समाजसेवी और नगर के गणमान्य नागरिक शामिल हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत शिवाजी मूर्ति से हुई, जहां उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत छात्रों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। इसके बाद हाथों में मोमबत्तियां लेकर श्रद्धांजलि मार्च निकाला गया, जो नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए ट्रांसपोर्ट चौराहे पर पहुंचकर संपन्न हुआ।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि अलीगंज की घटना बेहद दुखद और हृदय विदारक है। ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए शैक्षणिक संस्थानों में अग्नि सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन कराया जाना आवश्यक है। उन्होंने प्रशासन से सभी कोचिंग संस्थानों और सार्वजनिक भवनों में सुरक्षा व्यवस्थाओं की नियमित जांच कराने की मांग भी की।
श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित लोगों ने मृतक छात्रों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को शांति तथा शोक संतप्त परिवारों को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
कार्यक्रम में नगर के व्यापारी, आदेश अग्निहोत्री जिला अध्यक्ष, नगर अध्यक्ष अमर गुप्ता, अजय वर्मा जिला संगठन मंत्री, अभिषेक गुप्ता मीडिया प्रभारी, रिंकू कौशल नगर महामंत्री नगर उपाध्यक्ष रिंकल गुप्ता, हर्षित वर्मा नगर कोषाध्यक्ष गौरव वर्मा सारांश शर्मा नगर मंत्री विशाल गुप्ता हेमंत गंगवार प्रभात कश्यप अशोक गुप्ता विकास गुप्ता सुलभ अग्रवाल डॉ रजत गंगवार महेश वर्मा आलोक सक्सेना इत्यादि मौजूद रहे सामाजिक संगठन के पदाधिकारी एवं अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। आयोजन के दौरान श्रद्धांजलि प्रस्ताव पर उपस्थित लोगों ने हस्ताक्षर कर अपनी संवेदनाएं भी व्यक्त कीं।


