41.6 C
Lucknow
Saturday, June 13, 2026

भीषण गर्मी में जल संकट से जूझ रहे बढ़पुर व आवास विकास के वाशिंदे

Must read

फर्रुखाबाद। भीषण गर्मी के बीच नगर के मोहल्ला बढ़पुर एवं आवास विकास कॉलोनी में पेयजल आपूर्ति की समस्या लगातार गहराती जा रही है। क्षेत्रीय नागरिकों का आरोप है कि जलापूर्ति व्यवस्था से जुड़े कर्मचारी की मनमानी के कारण लोगों को समय पर पानी नहीं मिल पा रहा है, जिससे भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार जलापूर्ति व्यवस्था में तैनात कर्मचारी मुकेश जाटव निवासी बढ़पुर अक्सर नशे की हालत में रहता है और अपनी मनमर्जी से पानी की सप्लाई चालू व बंद करता है। नागरिकों का आरोप है कि शिकायत करने पर वह दबंगई दिखाते हुए कहता है कि “जहां शिकायत करनी हो कर दो, मुझे कोई फर्क नहीं पड़ता, पानी तभी खुलेगा जब मैं चाहूंगा।”
क्षेत्रवासियों ने यह भी आरोप लगाया कि नए पानी के कनेक्शन देने में रिश्वतखोरी की जाती है। इतना ही नहीं, किसी उपभोक्ता की लाइन लीक हो जाने पर भी बिना पैसे लिए मरम्मत नहीं की जाती। लोगों का कहना है कि इस कारण आम नागरिकों को आर्थिक और मानसिक दोनों तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
नागरिकों ने बताया कि जलापूर्ति प्रभारी नीरज कुमार आवास विकास सेक्टर-5 स्थित डीपीएस स्कूल के पीछे पानी की टंकी के निकट रहते हैं, लेकिन उन्हें भी इन गतिविधियों की सही जानकारी नहीं मिल पाती। लोगों का आरोप है कि कर्मचारी पैसे लेकर मनमाने ढंग से कार्य करता है, जिससे व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो रही है।
क्षेत्रीय नागरिकों ने नगर पालिका एवं संबंधित अधिकारियों से मामले की जांच कर जलापूर्ति व्यवस्था को दुरुस्त कराने तथा दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध कार्रवाई किए जाने की मांग की है, ताकि भीषण गर्मी के दौर में लोगों को पर्याप्त पेयजल उपलब्ध हो सके।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article