फर्रुखाबाद। राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा के बैनर तले सोमवार को संगठन के पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी को महामहिम राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपकर भरत तिवारी प्रकरण की निष्पक्ष जांच की मांग की। ज्ञापन में कहा गया कि भरत तिवारी के कथित एनकाउंटर को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं, जिनकी निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए।
संगठन के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि यदि भरत तिवारी ने आत्मसमर्पण कर दिया था, तो उसके बाद की गई कार्रवाई की स्वतंत्र जांच आवश्यक है। उन्होंने कहा कि कानून और संविधान के दायरे में रहकर प्रत्येक व्यक्ति को न्याय मिलना चाहिए तथा किसी भी घटना की सच्चाई सामने आनी चाहिए।
जिला अध्यक्ष अभिषेक दुबे के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में मांग की गई कि मामले की उच्चस्तरीय एवं न्यायिक जांच कराई जाए और जांच रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए। पदाधिकारियों का कहना था कि इससे आमजन का न्याय व्यवस्था पर विश्वास और मजबूत होगा।
ज्ञापन देने वालों में जिला प्रभारी देवेश नारायण अवस्थी, जिला मंत्री डॉ. अमित अवस्थी, जिला मंत्री सनी तिवारी, जिला विधिक प्रकोष्ठ अध्यक्ष एडवोकेट विनय शुक्ला, जिला उपाध्यक्ष एडवोकेट अरुण दुबे, नानकराम दुबे, शिवम बाजपेई, अरुण मिश्रा, नितिन दुबे, फतेहगढ़ नगर अध्यक्ष एडवोकेट दीपक गुप्ता, डॉ. प्रवीण कुमार त्रिपाठी, अनुज दुबे सहित राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान संगठन के सदस्यों ने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच कराकर सच्चाई सामने लाई जाए और न्यायिक प्रक्रिया के अनुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।


