इमादपुर सोमवंशी में सिलसिलेवार चोरी से दहशत, व्यापारियों में रोष; पुलिस ने शुरू की गहन जांच
अमृतपुर फर्रुखाबाद
थाना राजेपुर क्षेत्र के ग्राम इमादपुर सोमवंशी में मंगलवार की देर रात अज्ञात चोरों ने बेखौफ अंदाज में एक के बाद एक चार दुकानों को निशाना बनाकर क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए। चोर दुकानों के ताले तोड़कर नकदी सहित हजारों रुपये का सामान चोरी कर फरार हो गए। बुधवार सुबह जब दुकानदार अपनी दुकानें खोलने पहुंचे तो टूटे ताले और बिखरा सामान देखकर उनके होश उड़ गए। घटना की खबर फैलते ही गांव में लोगों की भीड़ जुट गई और पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया।पीड़ित दुकानदारों के अनुसार चोरों ने उपदेश पुत्र अनिल सिंह की परचून की दुकान, सतीश की समोसे की दुकान, इकबाल की सब्जी की दुकान तथा झल्लू के खोखे को निशाना बनाया। दुकानों से नकदी के अलावा अन्य सामान भी गायब मिला, जिससे दुकानदारों को हजारों रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है। एक ही रात में लगातार चार दुकानों में हुई चोरी ने व्यापारियों की सुरक्षा संबंधी चिंताओं को और बढ़ा दिया है।सूचना मिलते ही थाना राजेपुर के उपनिरीक्षक आशुतोष कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया, आसपास के लोगों से पूछताछ की तथा आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पीड़ित पक्ष द्वारा एक व्यक्ति पर संदेह व्यक्त करते हुए तहरीर दी गई है। थाना अध्यक्ष नागेंद्र सिंह ने बताया है कि केवल संदेह के आधार पर किसी को दोषी नहीं माना जा सकता। मामले की हर पहलू से गंभीरता से जांच की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों का दावा है कि घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीम सक्रिय है और जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।


