अयोध्या। श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की महत्वपूर्ण बैठक 6 जुलाई को अयोध्या में आयोजित होगी। ट्रस्ट की ओर से बैठक का पांच सूत्रीय एजेंडा जारी कर दिया गया है। यह बैठक मणिराम दास जी की छावनी में दोपहर 3 बजे से शुरू होगी।
ट्रस्ट के अनुसार, बैठक अध्यक्ष की अनुमति से बुलाई गई है। ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष स्वामी गोविंद देव गिरी ने बैठक की औपचारिक सूचना जारी करते हुए पांच बिंदुओं वाला एजेंडा भी सार्वजनिक किया है।
सूत्रों के मुताबिक, बैठक में राम मंदिर निर्माण कार्य की प्रगति, ट्रस्ट के प्रशासनिक और वित्तीय विषयों सहित अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। हाल के दिनों में मंदिर से जुड़े मामलों को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच यह बैठक विशेष महत्व की मानी जा रही है।
ट्रस्ट से जुड़े सभी प्रमुख सदस्यों के बैठक में शामिल होने की संभावना है। बैठक के बाद लिए गए निर्णयों और एजेंडे पर विस्तृत जानकारी ट्रस्ट की ओर से साझा किए जाने की उम्मीद है।


