लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर सियासी गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी बीच AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने विपक्षी दलों के साथ गठबंधन की संभावनाओं को लेकर बड़ा बयान दिया है। ओवैसी ने कहा कि उनकी पार्टी उत्तर प्रदेश में भाजपा को दोबारा सत्ता में आने से रोकने के उद्देश्य से अन्य दलों के साथ गठबंधन के लिए तैयार है।
ओवैसी ने कहा कि “हम नहीं चाहते कि उत्तर प्रदेश में भाजपा तीसरी बार सरकार बनाए। इसे रोकने के लिए हम गठबंधन के लिए तैयार हैं।” उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि गठबंधन को लेकर अंतिम फैसला होने के बाद ही उसके सहयोगियों की घोषणा की जाएगी।
ओवैसी की पेशकश ऐसे समय सामने आई है जब उत्तर प्रदेश में सपा और कांग्रेस के बीच आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर गठबंधन और सीट बंटवारे पर राजनीतिक चर्चा जारी है। अखिलेश यादव ने हाल ही में संकेत दिया है कि 2027 में वही गठबंधन जारी रहेगा, जिसने 2024 के लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में भाजपा के खिलाफ चुनावी सफलता हासिल की थी।
ऐसे में AIMIM की गठबंधन की पेशकश से विपक्षी खेमे में राजनीतिक समीकरणों को लेकर चर्चा और तेज हो गई है। हालांकि, अभी तक किसी प्रमुख विपक्षी दल के साथ AIMIM के गठबंधन की औपचारिक घोषणा नहीं हुई है।
यूपी की सियासत में ओवैसी ने फिर बढ़ाई गठबंधन की हलचल, AIMIM ने खोले विपक्षी दलों के लिए दरवाजे


